न्यूज स्कूप : सर्दियों में त्वचा का रूखा होना एक सामान्य समस्या है, क्योंकि ठंडी और शुष्क हवा नमी को सोख लेती है। इस मौसम में सबसे ज्यादा असर होठों पर होता है। इसका मुख्य कारण यह है कि होठों की त्वचा बहुत पतली होती है और त्वचा के बाकी हिस्सों की तरह होठों की स्किन में ऑयल ग्लैंड्स (तेल ग्रंथियां) नहीं होती हैं। इस वजह से होंठों की स्किन नेचुरली मॉइस्चराइज नहीं हो पाती है।
अगर होंठ फटने की समस्या पर ध्यान न दिया जाए तो दरारें ज्यादा बन सकती हैं और उनमें दर्द होने के साथ ही खून भी निकल सकता है, जो काफी दर्दनाक अनुभव होता है। होठों की त्वचा को मुलायम बनाए रखने के लिए सही केयर और इसके पीछे की वजह जानना बहुत जरूरी है।
फिलहाल हम उन 5 वजहों की बात करेंगे, जिनसे कुछ विशेष लोगों के होंठ ज्यादा फटते हैं और आपकी कौन सी आदतें इस समस्या को बढ़ाती हैं।
जिन लोगों का स्किन टाइप ही ड्राई (शुष्क) होता है, उनके लिए सर्दियों में दिक्कत ज्यादा बढ़ जाती है। पहले से ही त्वचा में नमी की कमी होने के कारण ऐसे लोगों की त्वचा जल्दी नमी खो देती है और होंठ फटने लगते हैं। चूंकि ऐसे लोगों की स्किन सेंसिटिव कैटेगरी में आती है, इसलिए इंफेक्शन का डर भी ज्यादा रहता है।
- सलाह: अगर आपकी स्किन भी ड्राई है, तो सर्दियों में एक्स्ट्रा केयर करते हुए डीप मॉइस्चराइजिंग की आदत डालनी चाहिए।
उन लोगों के होंठ ज्यादा फटते हैं जो अपने दिन का एक बड़ा हिस्सा ठंडी या तेज हवा के बीच गुजारते हैं या फिर इसके सीधे संपर्क में ज्यादा आते हैं। उदाहरण के लिए, बाइक या स्कूटर चलाने वाले लोगों के चेहरे पर हवा काफी तेज लगती है, जिससे होठों के सूखने की समस्या ज्यादा परेशान कर सकती है।
- सलाह: बाहर निकलते समय हमेशा प्रोटेक्टिव और थिक लिप बाम का इस्तेमाल करें।
जिन लोगों का सन एक्सपोजर यानी ज्यादा धूप में रहने का काम होता है, उनके होंठ भी ज्यादा फटते हैं। धूप की यूवी किरणें होठों की त्वचा को नुकसान पहुंचाती हैं और इससे पिगमेंटेशन होने लगती है, जिससे होंठ काले पड़ जाते हैं।
- सलाह: ऐसे में सिर्फ चेहरे पर ही नहीं, बल्कि होंठों पर भी सन प्रोटेक्शन (SPF युक्त) लिप बाम लगानी चाहिए और हाथ-पैरों पर भी सन प्रोटेक्शन वाला लोशन अप्लाई करें।
शरीर में अगर न्यूट्रिएंट्स और पानी की कमी हो तो उन लोगों के होंठ ज्यादा फटते हैं। इसके अलावा, जिन लोगों को चाय-कॉफी पीने की बहुत ज्यादा आदत होती है, उनमें भी डिहाइड्रेशन हो जाता है, जिससे त्वचा ड्राई होने लगती है।
- सलाह: कोशिश करें कि विटामिन सी, प्रोटीन, फाइबर रिच फूड्स को डाइट में शामिल करें। लिक्विड, पानी से भरपूर चीजें और सादा पानी अच्छी मात्रा में पिएं।
कुछ लोगों को होंठ बार-बार चाटने या फिर कुतरने की आदत होती है। चाटने की आदत से होंठों पर मौजूद नमी तेज़ी से वाष्पित (evaporate) हो जाती है और होंठ बहुत जल्दी फटते हैं, साथ ही उनपर डेड स्किन की लेयर बन जाती है।
सलाह: अगर आपमें भी ये आदत है तो इसे तुरंत छोड़ देना चाहिए। इसके अलावा, सर्दियों में लगातार बहुत गर्म पानी से नहाना भी ड्राई स्किन और फटे होंठों की एक बड़ी वजह बनता है, इससे भी बचना चाहिए।
