न्यूज स्कूप : कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो Bigg Boss 19 में मृदुल तिवारी का सफर खत्म हो गया है। हालांकि, उनके एविक्शन (निष्कासन) के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में खूब नाराजगी और गुस्सा देखने को मिल रहा है। शो से बाहर होने के बाद, मृदुल तिवारी मीडिया से रूबरू हुए और उन्होंने अपनी जर्नी, फैंस के प्यार और शो के मेकर्स पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए बड़े खुलासे किए।
मृदुल ने भावुक होते हुए कहा कि वह अपने लोगों को क्या जवाब दें, जिन्होंने उनकी वजह से दिन-रात शो देखा।
अपनी जर्नी के बारे में बात करते हुए मृदुल ने कहा, “यह देखकर मुझे अच्छा लग रहा है कि कैसे हर कोई मेरे बारे में इतनी अच्छी बातें कर रहा है। ट्रॉफी से ज्यादा, मैं दिल जीतना चाहता था और वहीं हुआ। शो से मुझे एक पर्सेंट भी नफरत नहीं मिली है, जो मेरे लिए सबसे बड़ी जीत है।”
हालांकि, अपने एविक्शन के तरीके पर उन्होंने सीधा सवाल उठाया।
मृदुल ने अपने एग्जिट पर बात करते हुए कहा, “ये सिर्फ 50 लोग थे जिन्होंने मुझे बाहर किया। अगर आप मेरी एंट्री पर मुझे मिले वोटों को देखते हैं तो आप हैरान रह जाएंगे। यहां, 50 लोगों को सिर्फ तीन लोगों में से चुनना था। मुझे नहीं पता कि उन्हें क्या बताया गया था, क्या ब्रीफिंग थी। इस पर मैं कॉमेंट नहीं कर सकता कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।”
मृदुल तिवारी ने शो की टीम और प्रोड्यूसर्स पर बायस्ड (पक्षपाती) होने का सबसे गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल किया कि अगर 50 ‘रैंडम’ लोग आकर तय करेंगे कि किसे रखना है और किसे बाहर करना है, तो देशभर के दर्शकों के वोट का क्या महत्व रह जाता है?
मृदुल ने गुस्से में कहा, “मुझे नहीं पता कि मेकर्स के दिमाग में क्या चल रहा है। अगर उन्हें यही करना था तो हर बार, उन्होंने हर कंटेस्टेंट के लिए नॉमिनेशन प्रक्रिया क्यों रखी? दर्शकों के वोट का क्या महत्व?”
उन्होंने आगे कहा, “जो लोग मुझे पसंद करते थे, उन्हें ये तय करने का मौका ही नहीं दिया गया कि मुझे शो में रखा जाए या नहीं। यह तो दर्शकों के साथ भी अन्याय है, क्योंकि उन्हें मौका ही नहीं मिला। 50 रैंडम लोग घर में आए और फिर मुझे बताया गया कि मुझे सबसे कम वोट मिले हैं। अगर शो के 15 हफ्तों में दर्शकों के वोटिंग के जरिए ही लोग बाहर निकलते हैं तो सिर्फ मेरे लिए ये नई चीज क्यों शुरू की गई।”
मृदुल ने साफ तौर पर कहा कि शो का यह फैसला उन्हें गलत लगता है और उन्होंने प्रोड्यूसर्स पर भी बायस्ड (पक्षपाती) होने का आरोप लगाया है। मृदुल के इस बयान ने सोशल मीडिया पर ‘बिग बॉस 19’ की वोटिंग प्रक्रिया पर एक नई बहस छेड़ दी है।
