न्यूज स्कूप : हाल ही में थिएटर्स में ‘दे दे प्यार दे 2’ (DDPD 2) रिलीज हुई है। 14 नवंबर को रिलीज हुई इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म को ऑडियंस का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और पहले दिन इसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी-खासी कमाई कर ली। इस फिल्म में अपनी अदाकारी और डांस मूव्स से दर्शकों को इंप्रेस कर रहे हैं अभिनेता मीजान जाफरी।
मीजान जाफरी ने भले ही 2019 में अपना आधिकारिक डेब्यू किया हो, लेकिन उन्होंने इंडस्ट्री में बिना किसी शोर शराबे के 2018 में ही एक ब्लॉकबस्टर फिल्म के निर्माण में अहम योगदान दे दिया था। अगर आप अब तक इस एक्टर को नहीं पहचान पाए हैं, तो उनकी फिल्मी जर्नी की ये दिलचस्प कहानी जरूर पढ़ें।
मीजान जाफरी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत तो 2019 में फिल्म ‘मलाल’ से की, लेकिन 2018 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की बिग बजट फिल्म ‘पद्मावत’ में उनका अहम योगदान रहा।
इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में मीजान जाफरी को रणवीर सिंह के बॉडी डबल के रूप में देखा गया था। बता दें, रणवीर सिंह ने ‘पद्मावत’ में क्रूर शासक अलाउद्दीन खिलजी का यादगार किरदार अदा किया था। मीजान ने खुद एक चैट शो में इस बात का खुलासा किया था।
मीजान जाफरी ‘पद्मावत’ के सेट पर बतौर असिस्टेंट काम कर रहे थे। एक दिन फिल्म के अहम सीन की शूटिंग चल रही थी, लेकिन उसी समय रणवीर सिंह को एक ब्रांड शूट के लिए बाहर जाना पड़ गया। शूटिंग बाधित न हो, इस वजह से निर्देशक संजय लीला भंसाली ने रणवीर सिंह की जगह मीजान जाफरी को मैदान में उतारने का फैसला किया।
उन्हें सेट्स पर ही रणवीर सिंह की पर्सनैलिटी, उनके स्टाइल और अलाउद्दीन खिलजी के लुक की ट्रेनिंग दी गई। इसी तरह, मीजान जाफरी ने बिना क्रेडिट लिए ही भंसाली की बिग बजट फिल्म में अहम योगदान दिया और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई।
मीजान जाफरी ने भंसाली के साथ दूसरी फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ (2015) में भी काम किया था, जिसमें उन्होंने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था और वो मूवी भी ब्लॉकबस्टर बनी थी।
- मीजान जाफरी का ताल्लुक भी बॉलीवुड के एक बड़े और प्रतिष्ठित परिवार से है।
- वो मशहूर एक्टर जावेद जाफरी के बेटे हैं।
- वह गुजरे जमाने के दिग्गज कॉमेडियन जगदीप जाफरी के पोते हैं।
फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखने के बावजूद, मीजान ने न्यूयॉर्क के स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स में फिल्म डायरेक्शन और एक्टिंग का कोर्स सीखने के बाद अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने 2019 में फिल्म ‘मलाल’ से अपना आधिकारिक डेब्यू किया। अपनी डेब्यू फिल्म से ही लोगों ने उन्हें पसंद करना शुरू किया और उनके पर्सनैलिटी के साथ एक्टिंग स्किल्स की भी सराहना हुई। अब मीजान जाफरी ‘दे दे प्यार दे 2’ में दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
