न्यूज स्कूप : सोमवार (17 नवंबर) को सऊदी अरब में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 43 भारतीयों की मौत हो गई। यह भीषण हादसा मक्का से मदीना की ओर जा रहे उमरा तीर्थयात्रियों की बस के साथ हुआ। बस डीजल टैंकर से टकरा गई, जिसके परिणामस्वरूप बस में भयानक आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में 20 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल हैं। इस भीषण दुर्घटना में सिर्फ बस का ड्राइवर ही जिंदा बच पाया।
यह दुखद घटना भारतीय समयानुसार देर रात लगभग 1:30 बजे मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर मुहरास के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय कई यात्री गहरी नींद में थे, जिस कारण टक्कर के बाद लगी आग से उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिल सका।
मृतकों में ज्यादातर हैदराबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। रियाद और जेद्दा स्थित भारतीय दूतावास फिलहाल मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
इस हृदयविदारक घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख जाहिर किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि, “मदीना में भारतीय नागरिकों से जुड़ी दुर्घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि वह सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और हमारे अधिकारी सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
चूंकि मृतकों में ज्यादातर हैदराबाद के निवासी बताए जा रहे हैं, इसलिए तेलंगाना सरकार ने तुरंत एक्शन लिया। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि वे रियाद में भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दूतावास से नजदीकी तालमेल बनाकर पीड़ितों की पहचान और अन्य औपचारिकताओं में मदद करें।
जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस दुर्घटना को देखते हुए तत्काल एक 24×7 कंट्रोल रूम बनाया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, ताकि प्रभावित परिवारों और चिंतित लोगों को सहायता और जानकारी मिल सके।
हेल्पलाइन नंबर: 8002440003
