न्यूज स्कूप : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर हाई अलर्ट पर आ गई है। बीते सोमवार को लाल किला के पास हुए आतंकी हमले के बाद अब दिल्ली के चार प्रमुख न्यायालयों और दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) नामक आतंकी संगठन के नाम से ईमेल के जरिए भेजी गई है।
धमकी मिलने के तुरंत बाद से ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सभी चारों परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है और कैंपस की सघन जांच की जा रही है। पुलिस को अभी तक किसी भी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
यह धमकी मेल के जरिए भेजी गई है, जिसमें स्पष्ट रूप से यह चेताया गया है कि कोर्ट कैंपस में बड़ा धमाका हो सकता है। जिन संस्थानों को यह धमकी मिली है, वे इस प्रकार हैं:
- साकेत कोर्ट
- पटियाला हाउस कोर्ट
- तीस हजारी कोर्ट
- रोहिणी कोर्ट
- सीआरपीएफ स्कूल, द्वारका
- सीआरपीएफ स्कूल, प्रशांत विहार
जैश-ए-मोहम्मद के नाम से भेजे गए इस ईमेल को देखते हुए दिल्ली पुलिस इसे कतई इग्नोर नहीं कर सकती, जिसके चलते सभी संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस धमकी की गंभीरता इसलिए भी ज्यादा बढ़ जाती है, क्योंकि जिस पटियाला हाउस कोर्ट को बम ब्लास्ट की धमकी भेजी गई है, वहाँ आज दिल्ली ब्लास्ट के आरोपी की पेशी भी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए, पुलिस ने कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
यह धमकी ऐसे समय में आई है जब दिल्ली के लोग हाल ही में हुए आतंकी हमले के कारण पहले से ही दहशत में हैं।
बीते सोमवार, 10 नवंबर की शाम दिल्ली के हाई सिक्योरिटी एरिया लाल किला के पास कार में हुए बड़े धमाके में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए थे। यह एक आतंकी हमला था, जिसके तार जम्मू-कश्मीर, फरीदाबाद और यूपी के सफेदपोश संदिग्ध आतंकी डॉक्टरों से जुड़े थे।
इस आतंकी घटना के बाद से ही दिल्ली के लोगों में दहशत का माहौल है। दिल्ली के साथ ही, हर राज्य में सिक्योरिटी कड़ी कर दी गई है और आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। इस बीच दिल्ली के बड़े संस्थानों जैसे न्यायालयों और सीआरपीएफ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलना सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
