न्यूज स्कूप : सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर ओरी (Orry) उर्फ ओरहान अवात्रामणि को मुंबई पुलिस ने ₹252 करोड़ के बड़े ड्रग्स मामले में समन भेजा है। एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने ओरी को कल (20 नवंबर 2025, गुरुवार) सुबह 10 बजे एंटी नारकोटिक्स सेल की घाटकोपर यूनिट में पेश होने को कहा है। यह समन ऐसे समय में आया है जब ओरी की सोशल मीडिया पर बॉलीवुड हस्तियों के साथ उनकी पार्टियों की तस्वीरें अक्सर वायरल होती रहती हैं।
दरअसल, मुंबई पुलिस ने इस बड़े ड्रग्स मामले में आरोपी मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को चौंकाने वाले खुलासे किए थे। आरोपी शेख ने बताया था कि वह देश और विदेश में बड़ी ड्रग्स पार्टियों का आयोजन करता था और उन पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई भी करता था।
यह मामला बॉलीवुड कनेक्शन के कारण ज्यादा सुर्खियों में आया है, क्योंकि गिरफ्तार आरोपी ने कई जानी-मानी हस्तियों के नाम लेने का दावा किया है।
आरोपी मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख ने मुंबई पुलिस के सामने दावा किया था कि उसने कई मशहूर हस्तियों के साथ मिलकर देश और विदेश में ड्रग पार्टियों का आयोजन किया था और उसने खुद इन लोगों को ड्रग्स की आपूर्ति भी की थी।
आरोपी द्वारा नाम लिए गए लोग (दावे के अनुसार):
- नोरा फतेही
- श्रद्धा कपूर और उनके भाई सिद्धार्थ कपूर
- जीशान सिद्दीकी
- ओरी (ओरहान)
- अब्बास मस्तान
- लोका
- अन्य कई व्यक्ति
पुलिस अब इन सभी दावों की जांच कर रही है और इसी सिलसिले में ओरी को समन जारी किया गया है, ताकि इन पार्टियों और सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ की जा सके।
बता दें कि ओरी एक पॉपुलर सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर हैं जिन्हें अक्सर बॉलीवुड सेलेब्स, खासकर युवा पीढ़ी के सितारों के साथ घूमते और एंजॉय करते देखा जाता है। उनकी मौजूदगी लगभग हर हाई-प्रोफाइल पार्टी में होती है, जिससे उनका नाम इस मामले में आना सनसनीखेज माना जा रहा है।
गौरतलब है कि जब इस ड्रग्स केस में नोरा फतेही का नाम घसीटा गया था, तो एक्ट्रेस ने तत्काल सोशल मीडिया के जरिए अपनी सफाई दी थी।
एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा था कि, “आपकी जानकारी के लिए, मैं पार्टियों में नहीं जाती। मैं लगातार काम कर रही हूं। मेरी कोई पर्सनल लाइफ है ही नहीं।” उन्होंने आगे कहा था कि, “मुझे लग रहा कि मेरा नाम आसान टार्गेट है। लेकिन मैं ये सब फिर से नहीं होने दूंगी।” नोरा ने लोगों को चेतावनी दी थी कि वे उनकी तस्वीरों और नाम को ऐसे मामलों से दूर रखें, जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है।
अब ओरी के समन के बाद, मुंबई पुलिस इस ₹252 करोड़ के ड्रग्स रैकेट में बॉलीवुड कनेक्शन की परतों को खोल सकती है।
