न्यूज स्कूप : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना के लिए रविवार, 23 नवंबर का दिन, जो उनकी जिंदगी का सबसे खास दिन बनने जा रहा था, एक अप्रत्याशित झटके के साथ टल गया। म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहीं स्मृति को अचानक इस समारोह को स्थगित करना पड़ा, क्योंकि शादी वाले दिन ही उनके पिता श्रीनिवास मंधाना को दिल का दौरा पड़ गया, जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मामला यहीं नहीं रुका। सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि स्मृति के मंगेतर पलाश की भी शादी से पहले अचानक हल्की तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें भी एहतियात के तौर पर अस्पताल ले जाकर डॉक्टर से जांच करवाई गई।
रविवार शाम करीब 4.30 बजे स्मृति और पलाश की शादी होनी थी। मगर उससे पहले ही दिन में लगभग 1.30 बजे स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सांगली के सर्वहित अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा था। पिता की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्मृति ने तुरंत शादी को टालने का भावुक फैसला किया।
इसके कुछ देर बाद ही पलाश मुच्छल की भी तबीयत थोड़ी खराब हो गई, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, पलाश को वायरल इंफेक्शन और एसिडिटी की शिकायत महसूस हुई और ऐसे में एहतियात के तौर पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, राहत की बात ये रही कि पलाश की स्थिति गंभीर नहीं थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। डॉक्टर की जांच के बाद पलाश को कुछ ही देर में छुट्टी दे दी गई और वो वापस अपने होटल लौट आए। फिलहाल उनकी तबीयत अब बेहतर बताई जा रही है। एक ही दिन में पिता और होने वाले पति की तबीयत बिगड़ने से जाहिर तौर पर स्मृति मंधाना भी बेहद परेशान हो गई होंगी।
इस बीच सांगली के सर्वहित अस्पताल के डॉक्टर नमन शाह ने मीडिया से बात करते हुए स्मृति के पिता की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिन में करीब 1.30 बजे सीने में बाईं ओर दर्द होने के बाद श्रीनिवास मंधाना को अस्पताल लेकर आया गया था, जहां उनकी जांच की गई और उसमें हार्ट अटैक के लक्षण पाए गए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद से ही एक कार्डियोलॉजिस्ट और अन्य डॉक्टर की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उन्हें कुछ दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा। उन्होंने साथ ही आशंका जताई कि शादी के माहौल में अत्यधिक भाग-दौड़, थकावट या मानसिक तनाव के कारण उन्हें यह अटैक आया होगा। फिलहाल परिवार की प्राथमिकता श्रीनिवास मंधाना के स्वास्थ्य पर है और शादी की अगली तारीख का फैसला उनके स्वस्थ होने के बाद ही लिया जाएगा।
