16 Mar 2026, Mon
Breaking

सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र का निधन: 89 वर्ष की उम्र में कहा दुनिया को अलविदा, एक युग का हुआ अंत

News Scoop

न्यूज स्कूप : हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय सितारों में से एक, दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर) का सोमवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। समाचार एजेंसी आईएएनएस ने सबसे पहले यह खबर दी है, हालांकि उनके स्वास्थ्य और निधन के कारण को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

उनके निधन की खबर मिलते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उनके निवास स्थान जुहू स्थित देओल बंगले से एक एंबुलेंस को सीधे विले पार्ले स्थित श्मशान घाट के लिए निकलते देखा गया है। उनके परिवार के सदस्य, जिनमें बेटे सनी देओल भी शामिल हैं, उनके पास मौजूद थे। दुख की इस घड़ी में एक्टर अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन भी मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पहुंचे हैं।

कुछ समय से जूझ रहे थे बीमारी से

धर्मेंद्र कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। इसी महीने 10 नवंबर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और डॉक्टरों ने बताया था कि आगे का ट्रीटमेंट उनके घर पर ही जारी रहेगा। निधन के समय वह जुहू में अपने देओल बंगले में ही रह रहे थे।

करण जौहर ने कहा, ‘यह एक युग का अंत है’

दिग्गज अभिनेता के निधन पर फिल्म डायरेक्टर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा:

“यह एक युग का अंत है… एक बहुत बड़ा मेगा स्टार… मेनस्ट्रीम सिनेमा में एक HERO का रूप… बहुत हैंडसम और सबसे रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस… वह इंडियन सिनेमा के एक असली लेजेंड हैं और हमेशा रहेंगे… सिनेमा के इतिहास के पन्नों में खास और शानदार तरीके से मौजूद हैं…”

7 दशक का शानदार करियर

धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय सितारों में से एक रहे हैं। 7 दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। उनके करियर में ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धरम वीर’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। उनकी एक्टिंग, एक्शन और रोमांटिक अंदाज़ ने उन्हें ‘ही-मैन’ का खिताब दिलाया। उनके डायलॉग्स आज भी खूब दोहराए जाते हैं, जिसमें ‘शोले’ फिल्म का मशहूर डायलॉग ‘बसंती इन कुत्तों के आगे मत नाचना’ सबसे ज्यादा हिट रहा है।

आखिरी फिल्म से पहले कहा अलविदा

धर्मेंद्र 89 साल की उम्र में भी फिल्मों में सक्रिय थे। उन्हें कुछ वक्त पहले फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों… में ऐसा उलझा जिया’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब उनकी आखिरी फिल्म के रिलीज से पहले ही उनके जाने का दुःख पूरे देश को सता रहा है।

धर्मेंद्र अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ में भी नजर आने वाले थे। यह एक्टर की आखिरी फिल्म है, जो इसी साल 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। अफसोस इस बात का है कि सिनेमा का यह महानतम सितारा अपनी आखिरी फिल्म को बड़े पर्दे पर नहीं देख पाएगा।

By News Scoop Desk

News Scoop is a digital news platform that focuses on delivering exclusive, fast, verified and impactful stories to readers. Unlike traditional news portals that rely heavily on routine reports, a news scoop platform prioritizes breaking news, inside information, investigative leads, political developments, public interest stories and viral happenings fresh and first.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *