न्यूज स्कूप: इथियोपिया के हायली गुब्बी ज्वालामुखी से उठी विशाल राख की परत अब उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ गई है, जिसका सीधा असर देश की राजधानी दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों में हवाई सेवाओं पर देखने को मिला है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, एयर इंडिया (Air India) ने एहतियाती कदम उठाते हुए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें रद्द कर दी हैं।
यह संकट रविवार को ज्वालामुखी में हुए तेज विस्फोट के बाद शुरू हुआ। हवामान विशेषज्ञों का कहना है कि यह राख का गुबार करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लाल सागर को पार करते हुए भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ गया है। यह ज्वालामुखी लगभग 10,000 साल बाद पहली बार सक्रिय हुआ है और इसने बड़ी मात्रा में महीन राख (जो छोटे कांच के कणों से बनी होती है) और सल्फर डाइऑक्साइड को वायुमंडल में छोड़ा है।
ज्वालामुखी की राख विमान के इंजन को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए एविएशन रेगुलेटरी संस्था DGCA की सख्त एडवाइजरी के बाद एयर इंडिया ने यह कदम उठाया है।
एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि जिन विमानों ने ज्वालामुखी विस्फोट के बाद प्रभावित क्षेत्रों के ऊपर से उड़ान भरी थी, उन सभी पर विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। इसी वजह से यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया गया है।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि प्रभावित यात्रियों को नेटवर्क पर मौजूद ग्राउंड टीम लगातार अपडेट दे रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें होटल व्यवस्था और वैकल्पिक यात्रा विकल्प मुहैया कराए जा रहे हैं ताकि उनकी परेशानी कम हो सके।
यात्रियों को होने वाली असुविधा के मद्देनजर, एयर इंडिया ने 24 नवंबर और 25 नवंबर को रद्द की गई उड़ानों की सूची जारी की है:
- AI 2822 – चेन्नई → मुंबई
- AI 2466 – हैदराबाद → दिल्ली
- AI 2444 / AI 2445 – मुंबई → हैदराबाद → मुंबई
- AI 2471 / AI 2472 – मुंबई → कोलकाता → मुंबई
- AI 106 – न्यूआर्क → दिल्ली
- AI 102 – न्यूयॉर्क (JFK) → दिल्ली
- AI 2204 – दुबई → हैदराबाद
- AI 2290 – दोहा → मुंबई
- AI 2212 – दुबई → चेन्नई
- AI 2250 – दम्माम → मुंबई
- AI 2284 – दोहा → दिल्ली
एयर इंडिया ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने के लिए यात्रा से पहले एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार संपर्क बनाए रखें।
