न्यूज स्कूप : इंटरनेट पर स्क्रॉल करते हुए अब यह सवाल अक्सर उठने लगा है कि जो विजुअल कंटेंट हम देख रहे हैं वह वास्तविक है या किसी AI टूल से बनाया गया है। सोशल मीडिया पोस्ट हो, ऑनलाइन विज्ञापन हो या दोस्तों द्वारा भेजी गई कोई फोटो, संदेह होना अब आम हो गया है। पहले, AI इमेज में गड़बड़ियां आसानी से दिख जाती थीं, लेकिन अब तस्वीरें इतनी रियलिस्टिक (यथार्थवादी) हो चुकी हैं कि असली और नकली में फर्क करना लगभग असंभव होता जा रहा है।
इसी समस्या का हल अब टेक्नोलॉजी दिग्गज गूगल ने खुद दिया है।
Google ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि उसके Gemini ऐप में अब एक नया इमेज वेरिफिकेशन टूल मौजूद है। यह टूल विशेष रूप से यह बता सकता है कि कोई तस्वीर Google के AI मॉडल से बनी है या नहीं।
कंपनी ने यह महत्वपूर्ण फीचर अपने नए और एडवांस Gemini 3-पावर्ड Nano Banana Pro मॉडल के साथ पेश किया है ताकि यूज़र्स डिजिटल स्पेस में आसानी से AI-जनरेटेड कंटेंट की पहचान कर सकें और सूचना का बेहतर मूल्यांकन कर सकें। यह एक ऐसा सुरक्षा फीचर है जो फेक न्यूज और गलत जानकारी के प्रसार को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
यह पूरा वेरिफिकेशन सिस्टम Google की क्रांतिकारी SynthID तकनीक पर काम करता है।
SynthID एक डिजिटल वॉटरमार्किंग टेक्नोलॉजी है जो Google के AI टूल से बनाई गई तस्वीरों में एक अदृश्य मार्कर (Invisible Marker) जोड़ देती है।
- ये मार्कर तस्वीर को बिल्कुल भी नहीं बदलते, न ही ये हमारी आंखों से दिखाई देते हैं।
- लेकिन, जब यूज़र उसी इमेज को Gemini में अपलोड करते हैं, तो Gemini इन अदृश्य मार्कर को स्कैन करके साफ और सटीक जवाब देता है कि यह इमेज Google AI द्वारा जनरेट की गई है या नहीं।
यूज़र इस फीचर का इस्तेमाल बहुत आसानी से कर सकते हैं। जिस इमेज पर संदेह हो, उसे Gemini में अपलोड करें और सरल सवाल पूछें जैसे:
- “क्या यह Google AI से बनी है?”
- “क्या यह फोटो AI-generated है?”
Gemini इमेज के अंदर मौजूद SynthID मार्कर को ढूंढकर सेकंडों में जवाब दे देगा।
हालांकि, इस फीचर की एक महत्वपूर्ण सीमा भी है: Gemini सिर्फ उन्हीं तस्वीरों को पहचान सकता है जिन पर Google के SynthID वॉटरमार्क मौजूद हों। यानी अगर इमेज किसी दूसरे AI मॉडल (जैसे मिडजर्नी या DALL-E) से बनाई गई है, तो Gemini उसे ट्रैक नहीं कर पाएगा।
बावजूद इसके, यह फीचर बेहद उपयोगी है क्योंकि Google 2023 से अब तक 20 अरब से ज्यादा AI-जनरेटेड तस्वीरों पर SynthID लगा चुका है। यह डिजिटल दुनिया में एक ऐसा भरोसेमंद सुरक्षा फीचर है, जो यूज़र को विजुअल जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसे सत्यापित करने की सुविधा देता है।
