न्यूज स्कूप : मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) बॉलीवुड और इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट के गठजोड़ की गहनता से पड़ताल करने में जुटी है। साल 2024 की शुरुआत से अब तक ड्रग्स की अलग-अलग तीन बड़ी खेप बरामद की जा चुकी हैं और कुल 11 आरोपियों को पकड़ा गया है। इन्हीं गिरफ्तार आरोपियों में से एक, मोहम्मद सलीम शेख, ने पुलिस को दिए अपने बयान में बॉलीवुड के कुछ सेलेब्स का नाम लिया है।
ANC अब इन्हीं दावों की सत्यता जांचने के लिए एक-एक कर जाने-माने चेहरों को पूछताछ के लिए बुला रही है। इसी क्रम में, आज मंगलवार, 25 नवंबर को अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर से एंटी नारकोटिक्स सेल ने घंटों पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया।
सिद्धांत कपूर दोपहर 1:20 बजे घाटकोपर क्राइम ब्रांच यूनिट के ANC दफ्तर पहुंचे। जांच अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए ड्रग सिंडिकेट के आरोपी मोहम्मद सलीम शेख और मोहम्मद सोहेल शेख ने पूछताछ में सिद्धांत कपूर का नाम लिया था। आरोपियों ने बताया कि वो लोग मुंबई और दुबई में हाई-प्रोफाइल रेव पार्टियां आयोजित करते थे, जिनमें कई जाने-माने चेहरे शामिल होते थे और मेफेड्रोन (Mephedrone) जैसी ड्रग्स की सप्लाई होती थी।
जांच अधिकारियों ने सिद्धांत कपूर से उनकी निजी जानकारी, करीबी लोगों, विदेश यात्राओं और ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम सवाल पूछे, जिनमें शामिल थे:
- ड्रग पैडलर सलमान सलीम शेख से क्या संबंध है? जानते हो या नहीं?
- दुबई कितनी बार गए और वहां किससे मिले?
- क्या दुबई में किसी ड्रग पार्टी में शामिल हुए?
- क्या ताहिर डोला से मुलाकात हुई?
- क्या कभी ड्रग्स का सेवन या खरीद-फरोख्त की?
- क्या बैंक ट्रांजेक्शन में सलीम या ताहिर से कोई लिंक मिला है?
बता दें कि सिद्धांत कपूर इससे पहले भी चर्चा में रहे थे, जब 2022 में बेंगलुरु की एक रेव पार्टी के दौरान उन्हें ड्रग्स कंजम्पशन के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
सिद्धांत कपूर के बाद अब ANC ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवत्रामणि उर्फ ओरी (Ory/Orry) को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। ओरी को पहले 20 नवंबर को समन भेजा गया था, लेकिन समय की मांग के बाद अब उन्हें दोबारा 26 नवंबर को ANC दफ्तर में बयान देने के लिए समन भेजा गया है।
जांच एजेंसियां अब इस पूरे ड्रग नेटवर्क के दाऊद इब्राहिम से कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं।
गिरफ्तार हुए सलीम और सोहेल ने अपने बयान में दावा किया है कि उनकी रेव पार्टियों में कई बड़े नाम शामिल होते थे। आरोपियों के दावे के अनुसार, इन पार्टियों में ओरी, श्रद्धा कपूर, सिद्धांत कपूर, नोरा फतेही, हसीना पारकर के बेटे अलीशाह पारकर, रैपर लोका, जीशान सिद्दीकी, और डायरेक्टर जोड़ी अब्बास-मस्तान शामिल होते थे।
हालांकि, मुंबई पुलिस ने यह साफ किया है कि ये केवल आरोपियों के दावे हैं। सत्यता जांच और साक्ष्य मिलने के बाद ही तय होगी। इसी वजह से एक-एक कर सेलेब्स को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में और सेलेब्स को समन भेजे जाने की उम्मीद है।
यह पूरा नेटवर्क मार्च 2024 में तब सामने आया, जब मुंबई पुलिस ने सांगली में मेफेड्रोन बनाने वाली बड़ी अवैध फैक्ट्री से 126 किलो ड्रग्स बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 252 करोड़ रुपए आंकी गई। यह नेटवर्क माफिया सलीम डोला और उसके बेटे ताहिर डोला से जुड़ा बताया गया है।
