20 Feb 2026, Fri
Breaking

दिल्ली में 12वें दिन ‘बहुत खराब’ हवा: AQI 353, अब इथियोपिया के ज्वालामुखी की राख का भी खतरा

News Scoop

न्यूज स्कूप: दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है और राजधानी के लोगों के लिए अब सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। दिल्ली की हवा लगातार 12वें दिन ‘बहुत खराब’ (Very Poor) श्रेणी में दर्ज की गई। शहर का कुल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 353 रहा, जबकि 24 घंटे का औसत AQI 352 रिकॉर्ड किया गया।

इस जहरीली हवा के चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।

अगले 6 दिन कोई राहत नहीं

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (Air Quality Early Warning System) के मुताबिक, 26 से 28 नवंबर तक हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार होने की संभावना नहीं है। अनुमान है कि अगले 6 दिनों तक AQI ‘बहुत खराब’ से लेकर ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में बना रह सकता है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार (26 नवंबर) को हल्का कोहरा छा सकता है, और तापमान 24 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम के आसपास रहने का अनुमान है।

इथियोपिया के ज्वालामुखी की राख से नई चिंता

दिल्ली की हवा बिगड़ने की एक और नई चिंता सामने आई है। इथियोपिया के अफार इलाके में हायली गुब्बी नाम का ज्वालामुखी फट गया है, जिसकी राख करीब 14 किलोमीटर ऊंचाई तक पहुंचकर पूर्व दिशा में फैल रही है।

हालांकि, मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि राख का बड़ा हिस्सा चीन की तरफ जा रहा है, लेकिन मॉडल्स ने दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा पर इसके हल्के प्रभाव की संभावना जरूर जताई है।

प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण वाहन

पुणे की भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान की निर्णय सहायता प्रणाली (DSS) के अनुसार, दिल्ली के प्रदूषण में विभिन्न स्रोतों का योगदान चौंकाने वाला है:

  • वाहन: DSS के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों का योगदान सबसे ज्यादा करीब 19.6% रहा। बुधवार को यह पैटर्न और खराब हो सकता है, जहां वाहन प्रदूषण करीब 21% तक पहुंच सकता है।
  • पराली: उपग्रह से मिली तस्वीरों के अनुसार, पराली जलाने की घटनाएं काफी कम हुई हैं। रविवार को पंजाब में सिर्फ 3, हरियाणा में 1 और यूपी में 522 खेतों में आग की घटनाएं दिखीं। इसलिए पराली जलाने से प्रदूषण का योगदान केवल 1.5% रहा।

AQI में थोड़ी कमी, पर गंभीर स्थिति बरकरार

सीपीसीबी की ‘समीर’ ऐप के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली के 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से केवल रोहिणी में AQI 401 दर्ज हुआ, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। यह स्थिति सोमवार की तुलना में थोड़ी बेहतर है, जब 15 स्टेशन गंभीर स्थिति में थे। हालांकि, समग्र AQI अभी भी स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक बना हुआ है।

ठंडक बढ़ी, मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान भी 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान है। पिछले साल यह 23.5 डिग्री दर्ज हुआ था।

By News Scoop Desk

News Scoop is a digital news platform that focuses on delivering exclusive, fast, verified and impactful stories to readers. Unlike traditional news portals that rely heavily on routine reports, a news scoop platform prioritizes breaking news, inside information, investigative leads, political developments, public interest stories and viral happenings fresh and first.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *