न्यूज स्कूप : बॉलीवुड के सदाबहार सुपरस्टार धर्मेंद्र के निधन के बाद से उनके प्रशंसकों का दुख कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दिग्गज अभिनेता ने हाल ही में 89 साल की उम्र में मुंबई के सनी विला में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद से, देओल परिवार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अपने 2’ को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं। फैंस को उम्मीद थी कि इस फिल्म के जरिए उन्हें एक बार फिर धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल को पर्दे पर साथ देखने का मौका मिलेगा।
पहले, फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने भी धर्मेंद्र की अनुपस्थिति में फिल्म की कल्पना न करने की बात कहकर इन अफवाहों को बल दिया था, जिससे फैंस के मन में यह डर बैठ गया था कि यह प्रोजेक्ट कहीं बंद न हो जाए।
मगर अब ‘अपने 2’ के मेकर्स ने इन सभी अफवाहों पर पूर्णविराम लगा दिया है। फिल्म के प्रोड्यूसर दीपक मुकुट ने इस प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और न केवल यह कन्फर्म किया है कि फिल्म बन रही है, बल्कि यह भी स्पष्ट किया है कि यह दिवंगत अभिनेता को एक भावनात्मक श्रद्धांजलि होगी।
प्रोड्यूसर दीपक मुकुट ने स्पष्ट रूप से कहा कि लोगों को गलत अफवाहें फैलाने से खुद को रोकना चाहिए:
“अपने 2 बंद नहीं हुई है। ये फिल्म हो रही है और ये पूरी दृढ़ता के साथ हो रही है। हम इसपर बिना जोर-शोर से काम कर रहे हैं और इसपर लगातार काम चल ही रहा है। इस प्रोजेक्ट को ड्रॉप करने का तो कोई सवाल भी नहीं उठता है।”
मुकुट ने आगे जोर दिया कि यह प्रोजेक्ट केवल ट्रैक पर ही नहीं है, बल्कि उनके बैनर तले बन रहा एक बहुत ही इमोशनल प्रोजेक्ट है।
दीपक मुकुट ने ‘अपने’ फ्रेंचाइजी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मूल फिल्म पूरी तरह से धरम जी (धर्मेंद्र) की फिल्म थी।
“उनकी मौजूदगी, उनकी गर्मजोशी, उनकी आत्मा और उनके सारे प्रयासों की वजह से ही ये फिल्म बन सकी थी। अपने 2 फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है।”
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि यह सीक्वल कई मायनों में धरम जी को एक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा, “हम इस सीक्वल को धरम जी के सेलिब्रेशन (उत्सव) के तौर पर देख रहे हैं। यह फिल्म उनके वसूलों और देओल फैमिली के साथ उनके भावनात्मक रिश्ते की देन थी जिसने स्क्रीन पर कमाल कर दिया था।”
इस बयान के साथ, फैंस अब यह मान सकते हैं कि देओल परिवार की यह भावनात्मक गाथा, जो पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक बंधनों पर आधारित है, जल्द ही सिनेमाघरों में वापसी करेगी। यह फिल्म न केवल एक सीक्वल होगी, बल्कि धर्मेंद्र के सिनेमाई विरासत का सम्मान भी होगी।
