20 Feb 2026, Fri
Breaking

न्यूज स्कूप : बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। आगामी 20 नवंबर, गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह सुबह 11 बजे से 12:30 बजे के बीच होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है, जिसके पहले नई सरकार का गठन किया जाना अनिवार्य है।

नीतीश कुमार का रिकॉर्ड, डिप्टी सीएम पर मंथन

मुख्यमंत्री की कुर्सी लगभग तय मानी जा रही है। अगर ऐसा होता है तो जेडीयू नेता नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ लेकर एक नया रिकॉर्ड बनाएंगे।

हालांकि, उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अभी भी मंथन जारी है। इस पर अंतिम फैसला कल (बुधवार) सुबह 10 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक में होगा, जो पार्टी के पटना कार्यालय में आयोजित होगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार उप मुख्यमंत्री पद पर बदलाव देखने को मिल सकता है। मंथन इस बात पर चल रहा है कि क्या वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिंह को फिर से रिपीट किया जाएगा, या फिर कोई नया चेहरा सामने आएगा। सूत्रों का कहना है कि इस बार एक उप मुख्यमंत्री अति पिछड़ा वर्ग (EBC) और महिला कोटे से बनाया जा सकता है, जो बीजेपी के सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

बीजेपी ने दलित और ओबीसी को बनाया पर्यवेक्षक

बीजेपी ने नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के लिए अनुभवी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

  • मुख्य पर्यवेक्षक: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (ओबीसी वर्ग)।
  • सह-पर्यवेक्षक: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (दलित नेता) और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति (ओबीसी निषाद समुदाय)।

बीजेपी ने एक दलित और दो ओबीसी नेताओं को पर्यवेक्षक बनाकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है, जो स्पष्ट रूप से सामाजिक समीकरणों पर पार्टी के फोकस को दर्शाता है।

मंत्रिमंडल में किस कोटे से कितने मंत्री?

शपथ ग्रहण से पहले मंगलवार को जदयू नेता संजय झा और ललन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की, जिसमें मंत्रिमंडल के फॉर्मूले पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, नई कैबिनेट में कुल 36 मंत्री (6 विधायकों पर एक मंत्री का फॉर्मूला) होने की संभावना है, हालांकि इस पर बातचीत जारी है।

प्रस्तावित मंत्रिमंडल फॉर्मूले के तहत, संभावित बंटवारा कुछ इस प्रकार हो सकता है:

  • बीजेपी कोटे से: 15-16 मंत्री
  • जेडीयू कोटे से: 1 सीएम + 14 मंत्री
  • चिराग पासवान (लोजपा-रामविलास): 3 मंत्री
  • जीतन राम मांझी (हम): 1 मंत्री
  • उपेंद्र कुशवाहा (रालोसपा): 1 मंत्री

कल (बुधवार) होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद ही नेता के नाम पर मुहर लगेगी और 20 नवंबर को नई सरकार का गठन होगा।

By News Scoop Desk

News Scoop is a digital news platform that focuses on delivering exclusive, fast, verified and impactful stories to readers. Unlike traditional news portals that rely heavily on routine reports, a news scoop platform prioritizes breaking news, inside information, investigative leads, political developments, public interest stories and viral happenings fresh and first.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *