न्यूज स्कूप : बॉलीवुड के ‘एंग्री मैन’ सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। 1997 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ की इस अगली किस्त का टीजर जल्द ही रिलीज होने वाला है। मेकर्स ने टीजर रिलीज करने के लिए एक बेहद खास और देशभक्ति से जुड़ा दिन चुना है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉर ड्रामा बॉर्डर 2 का टीजर 16 दिसंबर को रिलीज होने जा रहा है।
16 दिसंबर का दिन भारत में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत की निर्णायक जीत की याद में यह दिन मनाया जाता है। ऐसे में ‘बॉर्डर 2’ का टीजर रिलीज करने का यह एकदम सही समय है। माना जा रहा है कि इस दिन टीजर रिलीज करने से लोगों के अंदर फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ जाएगा और यह लोगों के अंदर एक बार फिर देशभक्ति की भावना को जगा देगा।
‘बॉर्डर 2’ सनी देओल की मोस्ट अवेटिड फिल्मों में से एक है। इस बार वह एक बार फिर लड़ते नजर आएंगे, मगर इस बार उनकी पूरी टीम नई होने वाली है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी लीड रोल निभाते नजर आने वाले हैं। फिल्म से इन सभी के लुक भी सामने आ चुके हैं।
‘बॉर्डर 2’ से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। यह फिल्म एक्शन के साथ इमोशंस का भी मिश्रण होगी। टीजर रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि यह दर्शकों को कितना इंप्रेस कर पाता है।
‘बॉर्डर 2’ की रिलीज की बात करें तो ये अगले साल 22 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होने वाली है। देशभक्ति के त्यौहार के अवसर पर फिल्म रिलीज करने का मेकर्स का फैसला रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
