28 Feb 2026, Sat
Breaking

Delhi Road Accident: वसंत कुंज में बेकाबू Mercedes G63 ने 3 लोगों को मारी टक्कर, 23 वर्षीय रेस्टोरेंट कर्मचारी की मौत; आरोपी ड्राइवर हिरासत में

News Scoop

न्यूज स्कूप : दिल्ली के पॉश इलाके वसंत कुंज में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार मर्सिडीज G63 कार ने तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह दुर्घटना वसंत कुंज स्थित एंबियंस मॉल के ठीक सामने देर रात करीब 2:33 बजे हुई।

एंबियंस मॉल के कर्मचारी थे पीड़ित

वसंत कुंज नॉर्थ थाने को रविवार सुबह करीब 2:33 बजे एक रोड एक्सीडेंट की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर एंबियंस मॉल के सामने पहुंची।

पुलिस ने मौके पर एक एक्सीडेंटल हालत में मिली मर्सिडीज G63 कार को जब्त किया। घटनास्थल पर रेस्टोरेंट में कार्यरत तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उत्तराखंड के चमोली के रहने वाले 23 साल के रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है।

शादी समारोह से लौट रहा था आरोपी ड्राइवर

पुलिस ने घटनास्थल से कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान 29 साल के शिवम के तौर पर हुई है, जो करोल बाग का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के समय शिवम की कार में उसकी पत्नी और बड़ा भाई भी मौजूद था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी शिवम एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि तेज रफ्तार कार डिसबैलेंस होकर एक खंभे से टकरा गई, जिसके पास ये तीनों कर्मचारी खड़े थे। यह मर्सिडीज कार शिवम के दोस्त अभिषेक की बताई जा रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन हिमाचल प्रदेश का है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू

पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या (Non-Homicide) से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की मर्सिडीज कार को जब्त कर लिया है और अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि एक्सिडेंट के सही और सटीक कारणों का पता चल सके।

घटना के बाद से ही मृतक रोहित के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

By News Scoop Desk

News Scoop is a digital news platform that focuses on delivering exclusive, fast, verified and impactful stories to readers. Unlike traditional news portals that rely heavily on routine reports, a news scoop platform prioritizes breaking news, inside information, investigative leads, political developments, public interest stories and viral happenings fresh and first.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *