न्यूज स्कूप : बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता गोविंदा को मंगलवार आधी रात को अचानक बेहोश होने के बाद इमरजेंसी में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अब राहत की खबर है कि वह पूरी तरह से ठीक हैं और आज (बुधवार) उन्हें हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
अस्पताल से बाहर निकलते हुए गोविंदा ने मीडिया से बातचीत की और अपनी तबीयत का हाल बताया। इस दौरान उन्हें ब्लैक टी-शर्ट, मैरून जैकेट, जींस और काले चश्मे में देखा गया।
तबीयत खराब होने की वजह: ओवर एक्सरसाइज
अपनी तबीयत के बारे में बात करते हुए गोविंदा ने स्पष्ट किया कि उनकी परेशानी की वजह अत्यधिक थकान और हार्डवर्क थी।
गोविंदा ने मीडिया से कहा, “अच्छा हूं। ज्यादा हार्डवर्क कर लिया और थकान हो गई थी। मुझे ऐसा लगता है कि योग-प्राणायाम करें, वो अच्छा है। हैवी एक्सरसाइज करते हैं वो मुश्किल है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं ट्राई कर रहा हूं कि पर्सनैलिटी ज्यादा अच्छी हो जाए, लेकिन मुझे लगता है कि योग-प्राणायाम करे वही अच्छा है।” गोविंदा ने एक तरह से अपने फैंस और खुद को भी संयमित जीवनशैली और हल्की कसरत की सलाह दी।
आधी रात को दोस्त को किया था कॉल
गोविंदा के करीबी दोस्त ललित ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। ललित ने बताया कि मंगलवार रात गोविंदा की तबीयत खराब हुई तो उन्होंने पहले फैमिली डॉक्टर से बात करके दवा ली और सोने चले गए।
लेकिन रात करीब 12 बजे उन्हें फिर से दिक्कत हुई और घुटन महसूस होने लगी। इसके बाद उन्होंने ललित को कॉल किया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। गोविंदा की पत्नी सुनीता किसी शादी के लिए शहर से बाहर थीं, जबकि बेटी टीना काम के चलते चंडीगढ़ में थीं। अब गोविंदा की तबीयत में काफी सुधार है।
धर्मेंद्र से मिलने भी गए थे गोविंदा
हाल ही में, गोविंदा को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भी देखा गया था, लेकिन तब वह अपने दोस्त और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने गए थे। धर्मेंद्र को भी कुछ दिनों से तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
खुशी की बात यह है कि धर्मेंद्र को भी अब अस्पताल से डिस्चार्ज दे दिया गया है और उनका आगे का इलाज और देखभाल घर पर ही होगी।
गोविंदा के डिस्चार्ज होने की खबर से उनके लाखों फैंस ने राहत की सांस ली है और उनके जल्द ही पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

