न्यूज स्कूप : भारतीय सिनेमा के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ का इंतजार खत्म होने वाला है। मेकर्स ने फिल्म का ‘फाइनल ट्रेलर’ रिलीज कर दिया है, जो देशभक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत है। यह फिल्म 1971 के युद्ध के हीरो और सबसे कम उम्र में परमवीर चक्र पाने वाले सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की शहादत और वीरता पर आधारित है।
फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं, जबकि जयदीप अहलावत और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आ रहे हैं।
ट्रेलर की शुरुआत अभिनेता जयदीप अहलावत के दमदार वॉयसओवर से होती है। वह युद्ध की विभीषिका को याद करते हुए अगस्त्य नंदा के कैरेक्टर को इंट्रोड्यूस करते हैं:
“उस धुएं और बारुद की बू आज भी याद है मुझे. हम तारीख बदलने वाले थे, लेकिन उस एक लड़के ने हमारी पूरी तकदीर बदल दी.”
इसके तुरंत बाद अगस्त्य नंदा की एंट्री होती है, जो महज 21 साल की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अरुण खेत्रपाल के जज्बे को पर्दे पर जीवंत करते दिख रहे हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे उन्होंने रणभूमि में दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिए थे।
ट्रेलर का सबसे इमोशनल हिस्सा वह है जहां धर्मेंद्र नजर आते हैं। वह फिल्म में अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। एक दृश्य में वह किसी को अपनी फैमिली फोटो दिखाते हुए कहते हैं:
“ये रही मेरी फैमिली. छोटा बेटा मुकेश 50 साल का है. और बड़ा बेटा अरुण… ये हमेशा 21 का ही रहेगा.”
यह डायलॉग और धर्मेंद्र के चेहरे के भाव दर्शकों की आंखों में आंसू लाने के लिए काफी हैं। जयदीप अहलावत और धर्मेंद्र के बीच का संवाद भी युद्ध की कड़वी हकीकत और सैनिकों के साहस को बयां करता है।
फिल्म में अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया की भी झलक मिली है, जो अगस्त्य नंदा के अपोजिट नजर आएंगी। सिमर इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपनी नई पारी की शुरुआत कर रही हैं।
पहले यह फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने इसे नए साल का तोहफा बनाने का फैसला किया है। अब ‘इक्कीस’ 1 जनवरी 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल की सबसे चर्चित वॉर-ड्रामा फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
