न्यूज़ स्कूप डेस्क : छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा एक बार फिर बड़े सुरक्षा अभियान की गवाह बनी, जहां पुलिस और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह भीषण मुठभेड़ हुई। मारेडूमिल्ली थाना क्षेत्र के जीएमवलसा के घने जंगलों में करीब आधा घंटे तक चली इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने 7 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ में ढेर किए गए सभी नक्सली लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की हिट-लिस्ट में शामिल थे और उन पर भारी इनाम घोषित था।
सबसे बड़ा नाम मेटूरू जोगा राव उर्फ टेक शंकर का रहा, जो माओवादी संगठन की स्पेशल जोनल कमेटी का सक्रिय सदस्य था। टेक शंकर पर 40 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था। उसके मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियाँ एक बड़ी रणनीतिक उपलब्धि बता रही हैं। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने ज्योति उर्फ सीतो, डिवीसीएम सदस्य 8 लाख ईनामी को भी मार गिराया। इसके साथ ही सुरेश उर्फ रमेश, लोकेश उर्फ गणेश, सैनु उर्फ वासु, अनिता और शम्मी समेत कुल सात नक्सलियों की पहचान हो चुकी है। इन सभी पर 8 से 40 लाख रुपये तक के इनाम घोषित थे।
पिछले दो दिनों से इस इलाके में नक्सलियों की गतिविधियाँ लगातार बढ़ रही थीं। मंगलवार को कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा की टीम के साथ हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। बुधवार सुबह 6:30 से 7:00 बजे के बीच अचानक फायरिंग शुरू होने पर सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और नक्सलियों को जवाबी कार्रवाई में ढेर कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने 2 AK-47 सहित कुल 8 हथियार बरामद किए हैं। इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी भी घायल या छिपे नक्सली को पकड़ा जा सके। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चल रहे लगातार ऑपरेशनों ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी है। इसके चलते कई नक्सली अब आंध्र प्रदेश की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय बढ़ने से सीमा क्षेत्रों में लगातार सफलताएँ मिल रही हैं।
पिछले 48 घंटों में सुरक्षा बल 13 नक्सलियों को ढेर कर चुके हैं जबकि आंध्र प्रदेश पुलिस ने विजयवाड़ा सहित कई जिलों से 28 से अधिक माओवादी कैडरों को गिरफ्तार किया है। इस संयुक्त ऑपरेशन ने नक्सल नेटवर्क को गहरा झटका दिया है और सुरक्षा एजेंसियाँ अब इस क्षेत्र में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने की रणनीति पर काम कर रही हैं।
