18 Mar 2026, Wed
Breaking

Smriti Mandhana Wedding Postponed: स्मृति मंधाना ने शादी अनिश्चितकाल के लिए टाली, सोशल मीडिया से हटाए सारे पोस्ट

News Scoop

न्यूज स्कूप : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान और स्टार ओपनर स्मृति मंधाना के लिए रविवार, 23 नवंबर का दिन खुशियों की जगह गहरी चिंता लेकर आया। महाराष्ट्र के सांगली जिले में म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल के साथ उनके शादी का कार्यक्रम तय था, लेकिन परिवार में आई एक दुखद स्थिति के चलते शादी टालने का फैसला लिया गया।

दरअसल, रविवार सुबह नाश्ते के दौरान स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक खराब हो गई। पहले तो परिजनों को लगा कि यह कोई मामूली बात है, लेकिन जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें तुरंत सांगली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें हार्ट अटैक के लक्षण पाए। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। परिवार के इस मुश्किल वक्त में स्मृति मंधाना ने एक बड़ा और भावनात्मक कदम उठाया है।

‘जब तक पिता ठीक नहीं होते, तब तक शादी नहीं’

स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा के मुताबिक, स्मृति ने खुद यह फैसला लिया है कि जब तक उनके पिता श्रीनिवास मंधाना पूरी तरह ठीक नहीं हो जाते, तब तक शादी नहीं होगी। उन्होंने शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। एक बेटी के रूप में यह फैसला दिखाता है कि उनके लिए उनके पिता की सेहत सर्वोपरि है।

इस दुखद स्थिति के बीच, स्मृति ने अपने सोशल मीडिया पर भी इस दर्द को जाहिर किया है। उन्होंने न सिर्फ सगाई का ऐलान करते हुए शेयर की गई वीडियो, बल्कि शादी से जुड़े सारे पोस्ट इंस्टाग्राम से हटा दिए हैं। स्मृति मंधाना के इस फैसले से उनके फैंस भी हैरान हैं।

वो खास वीडियो जो अब गायब है

स्मृति ने एक मजेदार इंस्टाग्राम रील के जरिए पलाश मुच्छल से अपनी सगाई का ऐलान किया था। यह वीडियो बेहद खास और पॉपुलर हुआ था। मंधाना ने 2006 की फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ के ‘समझो हो ही गया’ गाने पर खुशी से थिरकते हुए अपने फैंस के साथ ये खुशखबरी शेयर की थी।

इस वीडियो में उनके साथ जेमिमा रोड्रिग्स, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और अरुंधति रेड्डी जैसी उनकी करीबी साथी खिलाड़ी भी नजर आईं थीं। लेकिन अब ये भावनात्मक पोस्ट स्मृति मंधाना के इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि, ये अभी साफ नहीं है कि उन्होंने इस पोस्ट को स्थायी रूप से डिलीट किया है या फिर इसे हाइड (Hide) कर दिया है।

दूसरी ओर, पलाश मुच्छल ने भी शादी से पहले स्मृति मंधाना को बड़ा सरप्राइज दिया था और नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में मंधाना को शादी के लिए प्रपोज किया था। पलाश मुच्छल ने खुद 21 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस खास पल का एक वीडियो शेयर किया था। राहत की बात है कि उन्होंने इस पोस्ट को नहीं हटाया है।

By News Scoop Desk

News Scoop is a digital news platform that focuses on delivering exclusive, fast, verified and impactful stories to readers. Unlike traditional news portals that rely heavily on routine reports, a news scoop platform prioritizes breaking news, inside information, investigative leads, political developments, public interest stories and viral happenings fresh and first.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *